बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ और चर्चित नेता केसी त्यागी को लेकर पार्टी के भीतर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, जेडीयू नेतृत्व ने केसी त्यागी को पार्टी से अलग कर दिया है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग समेत उनके हालिया बयानों और राजनीतिक गतिविधियों से पार्टी नेतृत्व नाराज था, जिसके बाद यह फैसला लिया गया। हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक न तो जेडीयू की ओर से और न ही केसी त्यागी की तरफ से कोई आधिकारिक या लिखित बयान जारी किया गया है। बावजूद इसके, पार्टी से जुड़े सूत्रों का दावा है कि केसी त्यागी अब जेडीयू की सक्रिय राजनीति का हिस्सा नहीं हैं और पार्टी से उनका सम्मानजनक तरीके से अलगाव हो चुका है। केसी त्यागी लंबे समय से जेडीयू का जाना-पहचाना चेहरा रहे हैं और राष्ट्रीय राजनीति में भी उनकी अहम भूमिका रही है। हाल के दिनों में उनके कुछ बयानों ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा और विवाद दोनों को जन्म दिया था। खासकर नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग को लेकर उनकी टिप्पणी को पार्टी के भीतर उचित नहीं माना गया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जेडीयू इस वक्त बेहद संवेदनशील दौर से गुजर रही है और पार्टी नेतृत्व किसी भी तरह के विवाद या असहज बयान से दूरी बनाना चाहता है। ऐसे में केसी त्यागी जैसे वरिष्ठ नेता का अलग होना पार्टी के लिए एक बड़ा संकेत माना जा रहा है। फिलहाल, केसी त्यागी की चुप्पी और जेडीयू की ओर से आधिकारिक पुष्टि न होने के कारण अटकलों का बाजार गर्म है। आने वाले दिनों में यह साफ हो सकेगा कि यह अलगाव स्थायी है या फिर इसके पीछे कोई और सियासी रणनीति काम कर रही है। लेकिन इतना तय है कि जेडीयू की आंतरिक राजनीति में यह घटनाक्रम एक अहम मोड़ के रूप में देखा जा रहा है।