जमशेदपुर में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों भरे सफर को मातम में बदल दिया। एमजीएम थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-33 पर गुलाटी पटाखा शोरूम के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में 6 साल की मासूम बच्ची विनीता मोदिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सभी घायल एक 407 वाहन में सवार थे और भिलाई पहाड़ी स्थित भूत बंगला से टुसू मेला देखकर लौट रहे थे। वाहन में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। जैसे ही वाहन गुलाटी पटाखा शोरूम के पास पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि 407 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग इधर-उधर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। किसी ने पुलिस को सूचना दी तो किसी ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, मासूम विनीता मोदिया की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया है।
इस हादसे के बाद एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मुद्दा सामने आ गया है। एनएच-33 पर लगातार हो रहे सड़क हादसे लोगों के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल, इस दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। टुसू मेला देखने गए लोगों की खुशियां एक पल में मातम में बदल गईं, और 6 साल की मासूम की मौत ने हर आंख को नम कर दिया।