रांची–रामगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित ओरमांझी घाटी में शुक्रवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक टेंपो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि टेंपो और ट्रक के बीच हुई टक्कर इतनी भयावह थी कि टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर लोहे के ढेर में तब्दील हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को कई मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कुछ समय के लिए इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद ओरमांझी थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात बहाल करने की कोशिश शुरू की। पुलिस ने क्षतिग्रस्त टेंपो को सड़क से हटवाया और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
खबर लिखे जाने तक मृतक टेंपो चालक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी हुई है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, इस हादसे के बाद एक बार फिर ओरमांझी घाटी में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाए जाते हैं, जिसके कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और सख्त निगरानी की मांग की है।