महागामा नगर पंचायत ने अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद प्रसाद अग्रवाल के स्पष्ट निर्देश पर बसुआ चौक स्थित रैन बसेरा एवं बस पड़ाव क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।इस अभियान का नेतृत्व पर्यवेक्षक मोहम्मद फिरोज अंसारी ने किया। उनके नेतृत्व में नगर पंचायत के सफाई कर्मियों ने रैन बसेरा के अंदर और आसपास अतिक्रमण के कारण फैली गंदगी को साफ किया तथा बस पड़ाव क्षेत्र को व्यवस्थित किया गया अभियान के दौरान रैन बसेरा के अंदर एवं सामने अवैध रूप से दुकानें लगाए दुकानदारों को 24 घंटे का अंतिम नोटिस दिया गया। नगर पंचायत प्रशासन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि तय समय सीमा के भीतर यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नगर पंचायत द्वारा बलपूर्वक हटाने की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित दुकानदारों की होगी।प्रशासन का कहना है कि रैन बसेरा और बस पड़ाव सार्वजनिक स्थल हैं, जहां यात्रियों और जरूरतमंद लोगों को सुविधा मिलनी चाहिए।अतिक्रमण के कारण न सिर्फ यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि आमजन को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नगर पंचायत की इस सख्ती से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप है, वहीं आम जनता ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है।