मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में आई मजबूती का असर देश के दो प्रमुख उद्योगपतियों, मुकेश अंबानी और गौतम अडानी की संपत्ति पर सकारात्मक रूप से पड़ा। रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति में एक दिन के भीतर 1.70 अरब डॉलर (करीब 14,600 करोड़ रुपये) का इजाफा हुआ। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति अब 92.2 अरब डॉलर पर पहुंच गई है। इस वर्ष अब तक मुकेश अंबानी की संपत्ति में 1.58 अरब डॉलर की वृद्धि दर्ज की गई है। वह दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में 17वें स्थान पर बने हुए हैं। मंगलवार को बीएसई में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 1.86% की बढ़त के साथ 1,240.90 रुपये पर बंद हुआ।
गौतम अडानी की संपत्ति में 12,900 करोड़ की वृद्धि
मुकेश अंबानी के साथ ही अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की संपत्ति में भी मंगलवार को भारी इजाफा हुआ। उनकी कुल संपत्ति एक दिन में 1.50 अरब डॉलर (लगभग 12,900 करोड़ रुपये) बढ़कर 76 अरब डॉलर पर पहुंच गई। हालांकि, इस वर्ष अब तक उनकी संपत्ति में 2.70 अरब डॉलर की कमी हुई है। गौतम अडानी वर्तमान में दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में 19वें स्थान पर हैं।
एलन मस्क की संपत्ति में भारी गिरावट
टेस्ला, स्पेसएक्स और एक्स जैसे दिग्गज प्लेटफॉर्म्स के मालिक और दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क की संपत्ति में मंगलवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मस्क की कुल संपत्ति में 11.8 अरब डॉलर (लगभग 1,01,200 करोड़ रुपये) की कमी आई, जिससे उनकी कुल संपत्ति घटकर 426 अरब डॉलर रह गई। इस वर्ष अब तक एलन मस्क की संपत्ति में कुल 6.75 अरब डॉलर की गिरावट हो चुकी है।