चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला

प्रातःकाल लगभग 05:40 बजे, जब स्टेशन पर नियमित रूप से ट्रेनों को सुरक्षित पास कराने की ड्यूटी चल रही थी, उस समय उप निरीक्षक मनीषा कुमारी, सहायक उप निरीक्षक चितरंजन सिंह, सहायक उप निरीक्षक जीवलाल राम एवं अन्य रेल सुरक्षा बल के जवान पूर्ण सतर्कता के साथ तैनात थे। इसी दौरान गाड़ी संख्या 13303 (धनबाद–रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस) स्टेशन से खुलकर आगे बढ़ रही थी।

ट्रेन के खुलने के तुरंत बाद एक महिला यात्री द्वारा उतरने का प्रयास किया गया। उतरते समय अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे वह प्लेटफॉर्म और रेल ट्रैक के बीच नीचे गिर गई। यह दृश्य अत्यंत भयावह था और महिला की जान पर तत्काल गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था।

घटना की गंभीरता को भांपते हुए रेल सुरक्षा बल के जवानों ने बिना किसी क्षण गंवाए त्वरित, साहसिक एवं समन्वित कार्रवाई की। महिला को तत्काल खींचकर ट्रैक से सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि, इस दुर्घटना में महिला के दाहिने पैर तथा बाएं हाथ के पंजे के ऊपर गंभीर क्षति  पहुंची।

घटना की सूचना तुरंत  PA DHN के माध्यम से प्रसारित की गई, जिससे संबंधित विभागों को अवगत कराया जा सके। घायल महिला के साथ यात्रा कर रहे उनके भांजे  शुभम दास, उम्र 21 वर्ष, पिता – निखिल दास, निवासी – गोविंदपुर, सुगना, थाना – गोविंदपुर, जिला – धनबाद  (मोबाइल नंबर – 6299527859) ने बताया कि घायल महिला उनकी मौसी  हैं, जिनका नाम  तारा देवी दास है तथा उनकी आयु लगभग 65 वर्ष है।

उन्होंने आगे बताया कि वे लोग  गाड़ी संख्या 13301 (स्वर्णरेखा एक्सप्रेस)  से धनबाद से टाटानगर तक जनरल कोच में यात्रा करने वाले थे, किंतु अनजाने में  गाड़ी संख्या 13303 (रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस) में सवार हो गए। ट्रेन के खुलने के बाद जब उन्हें अपनी भूल का आभास हुआ, तो वे उतरने का प्रयास करने लगे, जिसके परिणामस्वरूप यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटित हुई।

घटना के समय स्टेशन पर स्टेशन मास्टर श्री अमरदीप भी उपस्थित थे, जिन्होंने स्थिति पर निगरानी रखते हुए आवश्यक समन्वय में सहयोग प्रदान किया।

घायल महिला को तुरंत रेसुबल पोस्ट धनबाद के स्टाफ द्वारा सुरक्षित रूप से पोर्टिको में लाया गया। कुछ ही समय पश्चात  रेलवे अस्पताल धनबाद से  डॉ. अभिषेक कुमार अपनी चिकित्सा टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और महिला को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर एवं विस्तृत इलाज हेतु उन्हें SNMMCH, धनबाद रेफर किया गया।

जांच के दौरान महिला के पास जनरल टिकट संख्या AEB 76415364, धनबाद से टाटानगर तक का पाया गया।

उक्त घटना के कारण यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा चिकित्सकीय सहायता प्रदान करने हेतु  गाड़ी संख्या 13303 (धनबाद–रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस) को लगभग 05:40 बजे से 05:50 बजे तक  स्टेशन पर रोका गया।

रेल सुरक्षा बल, रेलवे प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग की  सतर्कता, त्वरित कार्रवाई एवं मानवीय संवेदनशीलता  के कारण एक अनमोल जीवन को समय रहते बचाया जा सका, जो मिशन जीवन रक्षा की भावना को साकार करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *