29.4 C
Jharkhand
Friday, February 14, 2025
spot_img
Homeझारखंडगणतंत्र दिवस पर पहली बार झारखंड की बेटियां देंगी बैंड प्रस्तुति,मुख्यमंत्री हेमंत...

गणतंत्र दिवस पर पहली बार झारखंड की बेटियां देंगी बैंड प्रस्तुति,मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी शुभकामनाएं

गणतंत्र दिवस के मौके पर इस बार दिल्ली के कर्तव्य पथ पर झारखंड की बेटियां बैंड प्रस्तुति देंगी। पूर्वी सिंहभूम जिले के पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पटमदा की छात्राओं को इस प्रतिष्ठित अवसर के लिए चुना गया है। यह पहली बार है जब झारखंड की छात्राएं राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस समारोह में अपने बैंड का प्रदर्शन करेंगी। कर्तव्य पथ पर प्रदर्शन के लिए देश के केवल तीन स्कूलों को चुना गया है, जिनमें से एक यह स्कूल है। इस अवसर के लिए छात्राओं का दल आज दिल्ली रवाना होगा। उल्लेखनीय है कि इस स्कूल की बैंड टीम ने 22 दिसंबर 2022 को गुवाहाटी में आयोजित ज़ोनल लेवल बैंड प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन और एसपीडी शशि रंजन ने छात्राओं को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दी है।

चयनित छात्राओं की सूची

इस दल में शामिल छात्राएं कक्षा 8वीं से 12वीं तक की हैं। इनमें प्रमुख रूप से पार्वती महतो, आशा लता महतो, पिंकी महतो, कल्याणी महतो, ममता महतो, बसंती महतो, वर्षा रानी मांझी, वसंती महतो, साधना महतो, सुभद्रा कर्मकार, रुपाली टुडू, प्रमिला महतो, रुमा महतो, कल्पना टुडू, पूजा रानी महतो, पूजा महतो, रिया महतो, छाया महतो, सविता महतो, उषारानी सोरेन, पल्लवी महतो, इबिल हांसदा, सुकर्माणि सोरेन और बरनाली मांझी शामिल हैं। इनके साथ शिक्षिका सारो हांसदा, बैंड मास्टर प्रेम राणा, समन्वयक चंद्रदेव सिंह, पंजाब रेजीमेंट सेंटर के हवलदार जनरल सिंह और अमरवीर सिंह भी उपस्थित रहेंगे।

लंबे समय से जारी था प्रयास

शिक्षा विभाग द्वारा राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस परेड के रोस्ट्रम पर प्रदर्शन के लिए 2015 से प्रयास किया जा रहा था। राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग ने बताया कि इस स्कूल की बैंड टीम को उनके सुरों की सटीकता और सामूहिकता के लिए चुना गया है। पाइप बैंड प्रतियोगिता का आयोजन पहले प्रखंड स्तर पर, फिर जिला और अंततः राज्य स्तर पर हुआ। राज्य स्तर पर विजेता टीम ने ज़ोनल प्रतियोगिता में भाग लिया और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई।

spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES

Most Popular

spot_img