झारखंड में पहली बार महिला हॉकी इंडिया लीग का आयोजन किया गया है। रविवार को रांची के मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में इसका शुभारंभ गांडेय विधायक कल्पना सोरेन द्वारा किया गया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर कल्पना मुर्मू ने कहा, “आज की रात झारखंड के खेल इतिहास में एक विशेष स्थान बनाएगी। पहली बार हॉकी इंडिया लीग की मेजबानी झारखंड के रांची में हो रही है, जो राज्य के खेल प्रेमियों के लिए गर्व का विषय है। यह आयोजन खेल जगत को नई दिशा प्रदान करेगा।” उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए हॉकी इंडिया फेडरेशन और झारखंड हॉकी संघ का आभार व्यक्त किया।
पहला मुकाबला दिल्ली एसजी पाइपर्स और ओडिशा वॉरियर्स के बीच
पहले मैच में दिल्ली एसजी पाइपर्स और ओडिशा वॉरियर्स की टीमें आमने-सामने होंगी। यह प्रतियोगिता दर्शकों के लिए पूरी तरह से नि:शुल्क है।
खिलाड़ियों का उत्साह
दिल्ली एसजी पाइपर्स की कप्तान नवनीत कौर ने इस मौके पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “महिला हॉकी इंडिया लीग का प्रारंभ होना एक बेहद खास अनुभव है। हम दिल्ली एसजी पाइपर्स की ओर से पहला मैच खेलने को लेकर बहुत उत्साहित हैं। हमारी टीम युवा और ऊर्जा से भरपूर है। लीग के दौरान हमें नई चीजें सीखने का अवसर मिलेगा।”
वहीं, ओडिशा वॉरियर्स की कप्तान नेहा गोयल ने कहा, “हॉकी इंडिया लीग खिलाड़ियों के लिए वित्तीय स्थिरता का एक बड़ा मंच है, खासकर उन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए जो अभी तक भारतीय टीम का हिस्सा नहीं बने हैं। यह आयोजन न सिर्फ उन्हें प्रोत्साहित करेगा बल्कि युवाओं को हॉकी को एक करियर विकल्प के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित भी करेगा।”
इस महिला हॉकी लीग के माध्यम से झारखंड में न केवल खेल का प्रचार-प्रसार होगा, बल्कि युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और सीखने का भी बेहतरीन अवसर मिलेगा। यह आयोजन राज्य को खेल जगत में नई पहचान देने के साथ-साथ खिलाड़ियों के लिए नए आयाम स्थापित करेगा।