भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक एक महीने पहले भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक चिंताजनक खबर सामने आई है। टीम इंडिया के उभरते हुए स्टार और भरोसेमंद मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज तिलक वर्मा को अचानक गंभीर स्वास्थ्य समस्या का सामना करना पड़ा, जिसके चलते उन्हें इमरजेंसी सर्जरी करानी पड़ी। इस घटना के बाद वर्ल्ड कप से पहले उनकी उपलब्धता को लेकर टीम मैनेजमेंट और फैंस की चिंता बढ़ गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 23 वर्षीय तिलक वर्मा बुधवार सुबह राजकोट में नाश्ते के बाद अचानक पेट के निचले हिस्से में असहनीय तेज दर्द से परेशान हो गए। शुरुआत में दर्द सामान्य लगा, लेकिन कुछ ही समय में स्थिति गंभीर हो गई। इसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच और स्कैन किए।
जांच के दौरान डॉक्टरों को पता चला कि तिलक वर्मा टेस्टिकुलर टॉर्शन की समस्या से जूझ रहे हैं, जिसे मेडिकल भाषा में गंभीर आपात स्थिति माना जाता है। इस स्थिति में देरी जानलेवा भी साबित हो सकती है।
स्कैन रिपोर्ट सामने आते ही डॉक्टरों ने बिना वक्त गंवाए तत्काल सर्जरी की सलाह दी। इसके बाद अनुभवी डॉक्टरों की टीम ने तिलक वर्मा का सफल ऑपरेशन किया। राहत की बात यह रही कि सर्जरी पूरी तरह सफल रही और ऑपरेशन के बाद उनकी हालत स्थिर और संतोषजनक बताई जा रही है।
फिलहाल तिलक अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी रिकवरी तेजी से हो रही है।
न्यूज एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर सब कुछ सामान्य रहा, तो bतिलक वर्मा को अगले दिन अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा सकता है । हालांकि, मेडिकल प्रोटोकॉल के अनुसार इस तरह की सर्जरी के बाद खिलाड़ी को पूरी तरह फिट होने में कुछ हफ्तों का समय लग सकता है। इस दौरान उन्हें क्रिकेट गतिविधियों से दूर रहना होगा।
टी20 वर्ल्ड कप से पहले तिलक वर्मा की चोट और सर्जरी टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है। मिडिल ऑर्डर में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी, दबाव में संयम और मैच फिनिश करने की क्षमता उन्हें टीम का अहम हिस्सा बनाती है। ऐसे में उनका अस्थायी रूप से बाहर होना टीम संयोजन को प्रभावित कर सकता है।
अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि वह कितनी जल्दी पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी करते हैं।
जैसे ही तिलक वर्मा की सर्जरी की खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर फैंस, पूर्व क्रिकेटरों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना शुरू कर दी। ट्विटर, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर #GetWellSoonTilak ट्रेंड करने लगा।
सभी की यही दुआ है कि तिलक वर्मा समय रहते पूरी तरह फिट हों और टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के लिए अहम भूमिका निभाएं ।
फिलहाल तिलक वर्मा की स्थिति पर बीसीसीआई की मेडिकल टीम और चयनकर्ताओं की कड़ी नजर बनी हुई है। आने वाले दिनों में उनकी फिटनेस रिपोर्ट यह तय करेगी कि वह कब तक मैदान पर लौट सकते हैं।
टीम इंडिया, टीम मैनेजमेंट और करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें अब सिर्फ एक ही सवाल पर टिकी हैं—
क्या तिलक वर्मा समय रहते पूरी तरह फिट होकर टी20 वर्ल्ड कप में वापसी कर पाएंगे?