प्रभास स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द राजा साब’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और रिलीज के साथ ही फैंस का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। देश के कई हिस्सों में प्रशंसकों ने ढोल-नगाड़ों, पोस्टर कटआउट और आतिशबाजी के साथ फिल्म का स्वागत किया। लेकिन ओडिशा के एक सिनेमाघर में यही जुनून उस वक्त मुसीबत में बदल गया, जब जश्न मनाने के दौरान थिएटर के अंदर ही आगजनी की घटना सामने आई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की रिलीज के मौके पर कुछ उत्साही फैंस ने थिएटर के अंदर कागज और घास-फूस जला दी। देखते ही देखते धुआं फैल गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि गनीमत रही कि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि थिएटर के अंदर आग जल रही है और आसपास मौजूद लोग इसे देखकर घबराए हुए नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जहां कुछ लोग इसे गैर-जिम्मेदाराना हरकत बता रहे हैं, वहीं कई यूजर्स थिएटर में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं। प्रभास की फिल्मों को लेकर फैंस का जुनून किसी से छिपा नहीं है। पहले भी उनकी फिल्मों की रिलीज के दौरान दूध से कटआउट नहलाने, पटाखे फोड़ने और जश्न मनाने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लेकिन थिएटर के अंदर इस तरह की हरकतें गंभीर हादसे को दावत दे सकती हैं। फिलहाल, स्थानीय प्रशासन और थिएटर प्रबंधन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। वहीं, यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि फिल्मी जश्न और सुरक्षा के बीच संतुलन कितना जरूरी है। उत्साह अपनी जगह है, लेकिन ऐसी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकती है।