बॉलीवुड में एक बार फिर एक दमदार और चर्चित जोड़ी की वापसी होने जा रही है। फिल्म ‘ओ रोमियो’ का निर्देशन मशहूर फिल्ममेकर विशाल भारद्वाज कर रहे हैं, जबकि इस फिल्म को साजिद नाडियाडवाला प्रोड्यूस कर रहे हैं। यह फिल्म खास इसलिए भी है क्योंकि इसके जरिए अभिनेता शाहिद कपूर और निर्देशक विशाल भारद्वाज चौथी बार साथ काम कर रहे हैं, जिससे दर्शकों की उम्मीदें पहले से ही काफी बढ़ गई हैं। इससे पहले शाहिद कपूर और विशाल भारद्वाज की जोड़ी ने ‘कमीने’, ‘हैदर’ और ‘रंगून’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। इन तीनों फिल्मों में शाहिद के अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से भरपूर सराहना मिली। खासकर ‘कमीने’ और हैदर’ को बॉक्स ऑफिस पर सफलता के साथ-साथ क्रिटिक्स की भी जबरदस्त तारीफ हासिल हुई थी। इन फिल्मों ने न सिर्फ शाहिद के करियर को नई दिशा दी, बल्कि उन्हें एक गंभीर और प्रयोगधर्मी अभिनेता के रूप में भी स्थापित किया। विशाल भारद्वाज की खासियत रही है कि वह शाहिद कपूर को हर फिल्म में बिल्कुल अलग और अनोरे अंदाज में पेश करते हैं। कभी डबल रोल में उलझे युवा की भूमिका, तो कभी बदले की आग में जलते हुए त्रासद नायक का किरदार—शाहिद ने हर बार अपने अभिनय से दर्शकों को चौंकाया है। यही वजह है कि ‘ओ रोमियो’ को लेकर भी दर्शकों में जबरदस्त उत्सुकता है। फिल्म से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, ‘ओ रोमियो’ में शाहिद कपूर एक बार फिर दमदार, तीखे और इंटेंस किरदार में नजर आने वाले हैं। बताया जा रहा है कि इस फिल्म में उनके किरदार में खूंखारपन के साथ-साथ रोमांस का भी गहरा रंग देखने को मिलेगा। यानी दर्शकों को शाहिद का एक ऐसा अवतार देखने को मिल सकता है, जो दिल को भी छुएगा और रोंगटे भी खड़े करेगा। कुल मिलाकर, शाहिद कपूर, विशाल भारद्वाज और साजिद नाडियाडवाला की यह तिकड़ी फिल्म ‘ओ रोमियो’ के जरिए दर्शकों के लिए एक यादगार सिनेमाई अनुभव लेकर आने की तैयारी में है। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह फिल्म भी ‘कमीने’ और ‘हैदर’ की तरह बॉक्स ऑफिस और क्रिटिक्स दोनों पर अपनी छाप छोड़ पाती है या नहीं।