अलीगढ़ के बन्ना देवी थाना क्षेत्र अंतर्गत आईटीआई रोड स्थित मुस्ताक नगर में बीते दो वर्षों से चली आ रही जलभराव की गंभीर समस्या अब जनआक्रोश में बदल चुकी है। बदहाल जल निकासी व्यवस्था और नगर निगम की कथित लापरवाही से परेशान स्थानीय लोगों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। गुरुवार को क्षेत्र के सैकड़ों नागरिक सड़कों पर उतर आए और नगर निगम व क्षेत्रीय पार्षद के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मुस्ताक नगर में नालियों की नियमित सफाई नहीं होती और न ही जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था बनाई गई है। हालात यह हैं कि हल्की बारिश या घरों से निकलने वाला सामान्य पानी भी सड़कों पर भर जाता है। जलभराव के कारण गलियां दलदल में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे लंबे समय से सड़क निर्माण का कार्य भी ठप पड़ा हुआ है।
जलभराव ने लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। स्कूली बच्चे गंदे पानी और कीचड़ से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। बुजुर्गों और महिलाओं के लिए घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। क्षेत्र में फैली बदबू और मच्छरों की बढ़ती संख्या से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे लोग दहशत में हैं।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार क्षेत्रीय पार्षद और नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिले। न तो नालियों की सफाई कराई गई और न ही जल निकासी की कोई ठोस योजना जमीन पर उतरी। बार-बार अनदेखी से लोगों में आक्रोश और निराशा दोनों बढ़ती चली गई।
गुरुवार को मुस्ताक नगर के नागरिकों ने एकजुट होकर नारेबाजी की और नगर निगम के खिलाफ रोष जताया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई और सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
क्षेत्रवासियों का साफ कहना है कि अब वे केवल कागजी आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होंगे। उन्हें तत्काल और स्थायी समाधान चाहिए। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि आखिर दो वर्षों से चली आ रही इस गंभीर समस्या की जिम्मेदारी कौन लेगा और नगर निगम कब मुस्ताक नगर के लोगों को जलभराव की इस मार से राहत दिलाएगा।