Tuesday, April 30, 2024
spot_img
Homeझारखंडकांग्रेस भवन रांची में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक एवं सच्चाई आपके द्वार...

कांग्रेस भवन रांची में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक एवं सच्चाई आपके द्वार पुस्तक का विमोचन किया गया

रांची। झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमिटी की अध्यक्ष गुंजन सिंह की अध्यक्षता में आज कांग्रेस भवन, रांची में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक एवं सच्चाई आपके द्वार पुस्तक का विमोचन किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रभारी इन्द्राणी मिश्रा एवं कार्यकारी अध्यक्ष विधायक बन्धु तिर्की, संगठन प्रभारी रवीन्द्र सिंह, प्रवक्ता सतीश पॉल मुंजनी, कांग्रेस अनुसुचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष केदार पासवान उपस्थित हुए।

कार्यक्रम में सर्वप्रथम सच्चाई आपके द्वारा पुस्तक का विमोचन, महिला कांग्रेस की झंडा का लोकार्पण एवं महिलाओं को वर्तमान परिपेक्ष्य में सच्चाई उजागर करने को लेकर शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर झारखंड महिला कांग्रेस प्रभारी इन्द्राणी मिश्रा ने सभी को बेटी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिला कांग्रेस पार्टी का बहुत ही महत्वपूर्ण विभाग है। पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न राजीव गांधी जी ने सबसे पहले महिलाओं पर विश्वास किया इसलिए महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया था। आज राहुल गांधी जी ने भी महिलाओं पर विश्वास किया है और महिलाओं की 35 प्रतिशत आरक्षण को 50 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए लड़ाई लड रहे हैं। उन्होंने कहा कि बहुत ही खुशी की बात है कि कांग्रेस का नेतृत्व महिला अध्यक्षता श्रीमती सोनिया गांधी जी कर रही है। महिलाओं को पार्टी एवं समाज में सशक्त बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी आप सब अपनी जिम्मेवारी को पूरी ईमानदारी पूर्वक निर्वह्न करें।

उन्होंने कहा कि सच्चाई आपके द्वार पुस्तक को जिला एवं प्रखंड स्तर पर लॉन्चिंग किया जाए। इसके उपरांत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री राजेश ठाकुर कार्यकारी अध्यक्ष के सहयोग से प्रदेश स्तर पर भी बड़ा कार्यक्रम आयोजित कर लॉन्च किया जाए। उन्होंने झारखंड महिला कांग्रेस से अनुरोध किया है कि सच्चाई आपके द्वारा बुकलेट को घर-घर पहुंचायें। इसके साथ ही प्रदेश महिला कांग्रेस में सोशल मीडिया कमिटी बनाने पर जोर दिया तथा कहा कि प्रखंड स्तर तक सोशल मीडिया की कमिटी बनायें। नये-नये वोटरों को पार्टी में जोड़ने के लिए एक अभियान चलायें। वोटर कार्ड बनाने में लोगों को सहयोग करें।

प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सह विधायक बन्धु तिर्की ने अपने सबोधन में कहा कि महिला कांग्रेस कहीं से कमजोर नहीं है। एकजुट होकर एक टीम के साथ पार्टी संगठन में कार्य करें। प्रदेश कांग्रेस कमिटी महिलाओं कांग्रेस के साथ खडी है। सरकार में जब भी 20 सूत्री कमिटी बनेगी उसमें सबसे ज्यादा महिलाओं को डालने का काम करेंगे। संगठन को मजबूत बनाने के लिए जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक लगातार काम करना होगा। सरकारी योजनाओं से जुड़कर सही लोगों को लाभान्वित कराने में महिला कांग्रेस के नेत्री काम करें। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस के नेत्री अपने को इतनी मजबूत कर लें की पुरूष नेता चुनाव लडने वाले हों तो आपके बगैर चुनाव लड़ न सके। उन्होंने महिलाओं से अपील की है कि कभी भीड़ न बने भीडने वाली नेत्री बनें। तभी आपकी पहचान एवं संगठन की मजबूती मिलेगी। पार्टी में जनाधार ही संगठन की मजबूती है इसके लिए धरातल से काम करने की जरूरत है।

संगठन प्रभारी रविन्द्र सिंह ने कहा कि महिला कांग्रेस सभी दलों से काफी मजबूत है। सच्चाई आपके द्वार कार्यक्रम वर्तमान परिपेक्ष्य में बहुत ही सही एवं सटीक है। देश के मोदी सरकार तानाशाही तरिके से सत्ता चलाकर रही है। उनके झूठ के पर्दा को उठाने की जरूरत है। महिला कांग्रेस ही घर-घर पहुंचकर मोदी सरकार की सच्चाई को जनता के सामने ला सकती है। भाजपा और आरएसएस देश में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं, इससे लोगों को बचाने की जरूरत है।

झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष गुंजन सिंह ने सभी प्रदेश पदाधिकारियों एव जिला अध्यक्षों को आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई दिल्ली में आयोजित महिला कांग्रेस की 38वां स्थापना दिवस में झारखंड का प्रतिनिधित्व प्रथम रहा है। राहुल गांधी जी की सोच है सच्चाई आपके द्वार पुस्तक के माध्यम से देश की वास्तविक चीजों से अवगत करायें। केन्द्र की भाजपा सरकार जनता को दिग्भ्रमित करने में लगी है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अगर महिलाओं को सम्मान दे तो पुरूष भाई भी सम्मान देने में की कम नहीं करेंगे। महिलाओं को मान-सम्मान एवं समानता का अधिकार देने की जरूरत है मैं विश्वास दिलाती हूं कि झारखंड में महिला कांग्रेस पार्टी सभी पार्टी से उपर रहेंगी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री राजेश ठाकुर जी आने वाले थे लेकिन दिल्ली में अचानक सर्वदलीय बैठक आयोजित हो जाने के कारण उपस्थित नहीं हो पायें।

कार्यक्रम की संचालन देविका सिंह ने की

इस अवसर पर बॉबी भगत, उषा सिंह, पिंकी सिंह, डॉ परिंदा सिंह, निलम सहाय, सीमा साहु, कंचन चौधरी, अंकिता वर्मा, पार्वती सिंह, मेरी चौरसिया, मेरी तिर्की, आदि मौजूद थीं।

THE REAL KHABAR

RELATED ARTICLES

Most Popular