राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और परिवार से खुद को अलग कर चुकीं लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) के जरिए सियासी हलचल बढ़ा दी है। अपने नए पोस्ट में उन्होंने तीखे शब्दों में हमला बोलते हुए बिना किसी का नाम लिए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और उनके करीबी माने जाने वाले सलाहकार संजय यादव को निशाने पर लिया है। रोहिणी का यह पोस्ट सामने आते ही बिहार की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अपने पोस्ट में रोहिणी आचार्य ने लिखा कि बड़ी मेहनत, संघर्ष और त्याग से खड़ी की गई एक “बड़ी विरासत” को खत्म करने के लिए किसी बाहरी दुश्मन की जरूरत नहीं होती। उन्होंने इशारों-इशारों में कहा कि किसी भी मजबूत विरासत को कमजोर करने के लिए अपने ही लोग काफी होते हैं। रोहिणी ने आगे लिखा कि इसके लिए अपने और अपनों के बीच से निकले कुछ षड्यंत्रकारी “नए बने अपने” ही पर्याप्त होते हैं। हालांकि रोहिणी आचार्य ने अपने पोस्ट में किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके शब्दों को सीधे तौर पर तेजस्वी यादव और उनके करीबी संजय यादव से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इसे राजद के अंदर चल रही पारिवारिक और राजनीतिक खींचतान का नया अध्याय माना जा रहा है। गौरतलब है कि रोहिणी आचार्य पहले भी कई बार सोशल मीडिया के जरिए राजद नेतृत्व और परिवार के कुछ सदस्यों पर गंभीर आरोप लगा चुकी हैं। उनके लगातार आ रहे बयानों से यह साफ संकेत मिल रहा है कि पार्टी और परिवार के भीतर की दरार अब सार्वजनिक रूप ले चुकी है। फिलहाल, रोहिणी आचार्य के इस ताजा पोस्ट पर तेजस्वी यादव या राजद की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन इतना तय है कि उनके इस बयान ने एक बार फिर बिहार की राजनीति में हलचल और सियासी तापमान दोनों बढ़ा दिए हैं।