Saturday, April 27, 2024
spot_img
Homeझारखंडरघुवर दास ने दी सफाई "पूजा सिंघल को नहीं बचाया, साक्ष्य मिला...

रघुवर दास ने दी सफाई “पूजा सिंघल को नहीं बचाया, साक्ष्य मिला तो पकड़ी गई”

मनरेगा घोटाले और मनी लॉड्रिंग केस में गिरफ्तार झारखंड की पूर्व खनन सचिव आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को लेकर लग रहे आरोपों पर भाजपा नेता और पूर्व सीएम रघुवर दास ने गुरुवार को सफाई दी। रघुवर दास ने कहा कि पूजा सिंघल को कभी नहीं बचाया। बचाता तो जेल नहीं जाती। पूजा सिंघल के खिलाफ जांच को कभी नहीं रोका। जब साक्ष्य मिला तो जांच एजेंसियों ने कार्रवाई की और राम विनोद सिन्हा, पूजा सिंघल जैसों को जेल जाना पड़ा। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गुरूवार को धनबाद में प्रेस कांफ्रेंस में कही। बोले जांच प्रभावित नहीं होने दिया गया तभी राम विनोद सिन्हा व पूजा सिंघल जैसे पकड़ में आए।

रघुवर दास ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर हमला बोला। कहा कि अबुआ राज के बबुआ मुख्यमंत्री आकंठ भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। एक खुलासा किया और मुख्यमंत्री बेचैन हो गए। आरोप लगाया कि मुख्य सचिव और डीजीपी को बुलाकर मुख्यमंत्री ने रघुवर दास की गिरफ्तारी के लिए दवाब बनाया। अधिकारियों ने साफ इंकार कर दिया। कहा कि कोई ऐसा आरोप या साक्ष्य नहीं है जिससे रघुवर दास को गिरफ्तार किया जा सके।

पूजा सिंघल मामले में सरयू राय के एक ट्वीट पर रघुवर दास ने कहा कि वे सुपारी नेता हैं। इन दिनों हेमंत सरकार को बचाने की सुपारी ली है। ऐसे लोगों की बातों को गंभीरता से नहीं लेता। रघुवर सरकार में मंत्री रह चुके भाजपा के पांच विधायकों की एसीबी जांच पर रघुवर दास ने कहा कि इसका स्वागत करता हूं। वैसे जांच के पूर्व कुछ प्रक्रिया है। हेमंत सरकार इतनी बेचैन हो गई है कि आनन-फानन में जांच के आदेश दे रही है।

जांच करनी है तो खनिजों की लूट की करे। खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे की तर्ज पर आदेश जारी किया जा रहा है। इशारों में कहा कि पहले मुख्यमंत्री और सरयू राय की संपत्ति की जांच करा लें। इनकी संपत्ति कितनी बढ़ी है इसका तो पता चले।

रघुवर दास ने कहा कि भ्रष्टाचार का मामला उठाने के पीछे राज्य सरकार को अस्थिर करना या मुख्यमंत्री को हटाना उदे्श्य नहीं है। अटल बिहारी वाजपेयी यानी भाजपा ने झारखंड को जन्म दिया। इसलिए जन्म देने वाले को दर्द होना स्वाभाविक है। मौके पर सांसद पशुपतिनाथ सिंह, विधायक राज सिन्हा,ढुलू महतो, अपर्णासेन गुप्ता, पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल,जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह आदि मौजूद थे।

महुआ माजी भाजपा का धन्यवाद करें 

रधुवर दास ने कहा कि भाजपा ने झारखंड में परिवारवाद का मुद्दा उठाया तो झामुमो की महुआ माजी को राज्य सभा के रूप में लाभ मिला। भाजपा मुद्दा नहीं उठाती तो मुख्यमंत्री की पत्नी झामुमो से राज्य सभा उम्मीदवार होती। परिवारवाद से मुख्यमंत्री घिरे हैं। यही वजह कि दिखाने के लिए महुआ माजी को राज्य सभा का उम्मीदवार बनाने को बाध्य हुए।

The Real Khabar

RELATED ARTICLES

Most Popular