Saturday, April 27, 2024
spot_img
Homeकोहरामराजनीतिप्रियंका गाँधी पर लगा कविता चुराने का आरोप:उठो द्रौपदी शस्त्र संभालो,लिखने वाले...

प्रियंका गाँधी पर लगा कविता चुराने का आरोप:उठो द्रौपदी शस्त्र संभालो,लिखने वाले पुष्यमित्र ने कहा- घटिया राजनीति के लिए मेरी कविता नहीं

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अपने एक चुनावी संवाद से अचानक विवादों में आ गई हैं। उन्होंने बुधवार को चित्रकूट में मंदाकिनी नदी किनारे रामघाट पर महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ‘उठो द्रौपदी शस्त्र संभालो’ काव्य की पंक्तियां पढ़ीं, लेकिन इस कविता को लिखने वाले कवि पुष्यमित्र उपाध्याय ने इस पर आपत्ति जताई है। पुष्यमित्र ने प्रियंका पर कविता चोरी करने का आरोप लगाया है।

कविता भी चोरी कर लेने वालों से देश क्या उम्मीद रखेगा?

पुष्यमित्र ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की उस पोस्ट को री-ट्वीट भी किया है, जिसमें उन्होंने प्रियंका गांधी का वीडियो शेयर किया था। पुष्पमित्र ने लिखा, ‘प्रियंकाजी ये कविता मैंने देश की स्त्रियों के लिए लिखी थी न कि आपकी घटिया राजनीति के लिए। न तो मैं आपकी विचारधारा का समर्थन करता हूं और न आपको ये अनुमति देता हूं कि आप मेरी साहित्यिक संपत्ति का राजनीतिक उपयोग करें। कविता भी चोरी कर लेने वालों से देश क्या उम्मीद रखेगा?’

पुष्यमित्र ने आगे कहा, ‘2012 में निर्भया प्रकरण पर लिखी गई कविता का संदेश और आह्वान आपकी राजनीतिक कुंठाओं से अलग और व्यापक है। राजनीतिक संस्थानों से अनुरोध है कि कविता का प्रयोग क्षुद्र राजनीतिक आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए कर के इसके मर्म को दूषित न करें।’

मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह बोले- यह दुर्योधन का युग नहीं

योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने भी प्रियंका गांधी को घेरा है। उन्होंने कहा कि प्रियंका वाड्रा को बताना चाहता हूं कि यह दुर्योधन युग नहीं चल रहा है। यह मोदी योगी युग चल रहा है और इसमें द्रोपदी का चीर हरण नहीं होगा, क्योंकि जो कृष्ण का सुदर्शन चक्र है वह योगी जी ने संभाल रखा है और कोई भी दुर्योधन बनेगा तो उसका हश्र वही होगा जो महाभारत में हुआ था।

प्रियंका ने कहा था- राजनीति में आजकल बहुत क्रूरता

प्रियंका ने बुधवार को चित्रकूट में मत्स्यगजेन्द्रनाथ मंदिर में पूजा पाठ कर मंदाकिनी नदी के रामघाट पर महिलाओं से संवाद किया था। यहां उन्होंने कहा, ‘राजनीति में आजकल बहुत क्रूरता और हिंसा है। लखीमपुर में मंत्री के बेटे ने किसानों को कुचल ​दिया। सरकार ने अत्याचारी की मदद की। आशा बहनों को प्रशासन ने अपनी मांगों को उठाने पर बुरी तरह पीटा।’

प्रियंका ने आगे कहा, ‘जब आपका शोषण किया जा रहा है और आप पर अत्याचार किया जा रहा है, आपको पीटने वालों से अपना हक मांगेंगे तो वो हक कभी नहीं मिलेगा। अपने हक के लिए लड़ना पड़ेगा। जो सरकार आपके लिए कुछ कर ही नहीं रही है तो उसे आगे क्यों बढ़ाना?’ इसी दौरान उन्होंने कवि पुष्यमित्र की कविता का इस्तेमाल अपने भाषण में किया था।

THE REAL KHABAR

RELATED ARTICLES

Most Popular